मंगलवार, 5 फ़रवरी 2019

ओ मेरी सरकार

ओ मेरी सरकार
ये भी बंद कर दे, व भी बंद कर दे
रोजगार भी बंद कर दे,
केवल भाषण दे दे,
गपसप चला दे।
जहाँ भी जाऊँ
एक घूँट चाय पिऊँ,
और लम्बी हाँक कर
तन कर सो जाऊँ।
जनता रोये तो रोये
चुनाव में पिटे तो पिटे,
ओ मेरी सरकार
ये भी बंद कर दे, व भी बंद कर दे,
अठन्नी -चवन्नी इधर भी खिसका दे।
-महेश रौतेला

गुरुवार, 31 जनवरी 2019

जीवन में कम से कम एक बार प्यार कीजिए

१.
जीवन में कम से कम एक बार प्यार कीजिए:

जीवन में कम से कम एक बार प्यार कीजिए,
ठंड हो या न हो, उजाला हो या न हो,
अनुभूतियां शिखर तक जाएं या नहीं,
रास्ता उबड़-खाबड़ हो या सरल,
हवायें सुल्टी बहें या उल्टी बहें,
पगडण्डियां पथरीली हों या कटीली,
कम से कम एकबार दिल को खोल दीजिए।

तुम्हारी बातें कोई सुने या न सुने,
तुम कहते रहो ," मैं प्यार करता हूँ।"
तुम बार-बार आओ और गुनगुना जाओ।

तुम कम से कम एक बार सोचो,
एक शाश्वत ध्वनि के बारे में जो कभी मरी नहीं,
एक अद्भुत लौ के बारे में जो कभी बुझी नहीं,
उस शान्ति के बारे में.जो कभी रोयी नहीं,
कम से कम एकबार प्यार को जी लीजिए।

यदि आप प्यार कर रहे हैं तो अनन्त हो रहे होते हैं,
कम से कम एक बार मन को फैलाओ डैनों की तरह,
बैठ जाओ प्यार की आँखों में चुपचाप,
सजा लो अपने को यादगार बनने के लिए,
सांसों को खुला छोड़ दो शान्त होने के लिए।

एकबार जंगली शेर की तरह दहाड़ लो केवल प्यार के लिए,
लिख दो किसी को पत्र,पत्रऔर पत्र,
नहीं भूलना लिखना पत्र पर पता और अन्दर प्रिय तुम्हारा,
लम्बी यात्राओं पर एकबार निकल लो केवल प्यार के लिए।

*********************
२.
मेरा पता:

शुभ्र मन, शुभ्र तन, शुभ्र हिमालय मेरा पता,
शुभ्र गाँव, शुभ्र शहर,शुभ्र भारत मेरा पता,
शुभ्र मिट्टी, शुभ्र नदी, शुभ्र वृक्ष मेरा पता,
शुभ्र राह, शुभ्र जीवन, शुभ्र प्यार मेरा पता।

खो गया यहीं कहीं तो ढूंढ लेना मेरा पता,
साफ-साफ दिखे नहीं तो  माँग लेना पावन पता,
आत्मा के पार  पहुंचा शुभ्र द्वार ही मेरा पता,
शुभ्र गीत, शुभ्र संगीत, शुभ्र लय ही मेरा पता।

निकल कर जो बहा वही है मेरा पता,
दुख में जो मिटा नहीं वही है मेरा पता,
हँसते-रोते जो लिखा गया  वही है मेरा पता,
शुभ्र शब्द, शुभ्र नाम,शुभ्र काम मेरा पता।

********

३.
कविताएं महकती रहेंगी:

कविताएं महकती रहेंगी,
पहाड़ी वृक्षों की तरह,
समुद्री जीवों की भाँति तैरती रहेंगी,
या चीते की तरह छलांग लगा सकती हैं,
पक्षियों की तरह उड़ने का प्रयास कर सकती हैं,
मनुष्य अच्छा रहेगा या बुरा रहेगा,
कविताएं लिखी जायेंगी।
दुनिया केवल प्यार से नहीं चलती है,
कर्म भी चाहिए उत्तम,
या कहें महाभारत सा कुछ बनता बिगड़ता है यहाँ,
हमारे अन्दर का मनुष्य जब तक मरा न हो,
कविता-कहानी महकती रहेंगी।

बांबियों से निकलता मनुष्य
गुफाओं से निकलता मनुष्य,
महलों से निकलता मनुष्य,
झोपड़ियों से निकलता मनुष्य,
सभी को महक कभी भी मिल सकती है।
********
* महेश रौतेला

रविवार, 4 मार्च 2018

चलो, फिर

चलो, फिर विद्यालय चलें
कुछ तुम कहोगे, कुछ हम कहेंगे
कुछ ठंड अपने आप कहेगी।

चलो, फिर उन रास्तों पर चलें
कुछ तुम चलोगे, कुछ हम चलेंगे
कुछ बातों बातों में चल लेंगे।

चलो, फिर कक्षाओं में चलें
कुछ तुम पढ़ोगे, कुछ हम पढ़ेंगे
कुछ कक्षायें अपने आप कह देंगी।

चलो, फिर खेतों में चलें
कुछ किसान कहेगा, कुछ फसल कहेगी
कुछ मौसम अपने आप कहेगा।

चलो, फिर जोर से हँस लें
कुछ तुम हँसोगे, कुछ हम हँसेंगे
कुछ जिन्दगी अपने आप हँस लेगी।

चलो, आज देश के लिये चलें
कुछ तुम चलो, कुछ हम चलें
कुछ देश अपने आप चल लेगा।

सोमवार, 12 फ़रवरी 2018

उन दिनों प्यार करने को

उन दिनों प्यार करने को

उन दिनों प्यार करने को
और कुछ था भी नहीं
तुम्हारे सिवाय,
न सिरफिरा मौसम था
न बादलों की झुकी लट थीं
न  नदियों के घुमाव थे
न बर्फ से ढकी पहाड़ियां थीं,
सच कहूँ तो कुछ दिखता ही नहीं था।
इन दिनों कहने को
और कुछ है भी नहीं
एक ईश्वर है वह भी अकेला है।
**महेश रौतेला

मन से कितनी धूल उड़ी

मन से कितनी धूल उड़ी

मन से कितनी धूल उड़ी
वे कहते यह राजनीति है
कोहरा जैसा जहां लगा है
वे कहते यह कूटनीति है।

भूमि जहां-जहां बंजर है
वे कहते हैं सब सरकारी है
नारे जो जो उनके हैं
वे कहते हैं  पावन हैं।

मन से बहुत धूल उड़ी
वे कहते हैं राह साफ है
आसमान में धुंध लगी है
वे कहते हैं घन घिरे हैं ।
**महेश रौतेला

बुधवार, 8 मार्च 2017

अभी सुनहरी यात्रा बाकी है

अभी सुनहरी यात्रा बाकी है
धरती रुकी नहीं है
सूरज ठहरा नहीं है
फसल का उगना बंद नहीं हुआ है
प्यार के किस्से सोये नहीं हैं
साथ की बातें जमी नहीं हैं,
अभी आदमी में सत्य शेष है
ज्ञान बिखरा पड़ा है
रोटी का संघर्ष जारी है
घर का दरवाजा आधा ही खुला है
खिड़कियों से रोशनी आ रही है
आसमान टिमटिमा रहा है
कथा की इति शेष है
बहुत से कथानक और बनने हैं।
अभी अगली बर्फ गिरेगी
अगला वसंत आयेगा
अगला साल सुधार लायेगा
अगली मुलाकात होगी
अगला त्योहार और अच्छा होगा
पेड़ों पर पक्षियां बैठेंगी
पहाड़ों पर चढ़ना चलता रहेगा
चुनावों से नयी संसद बनेगी,
जिस भाषा में चुनाव होगा
राजकाज उसी में चलेगा
गरीबी का गणित सुलझ जायेगा।
अभी सुनहरी यात्रा बाकी है
धरती रुकी नहीं है
सूरज ठहरा नहीं है।
**महेश रौतेला

शुक्रवार, 3 मार्च 2017

उठो, हिमालय आज उठो

उठो हिमालय, आज उठो
तुम तक झंडा आया है,
श्याम-श्वेत जैसा भी हो
जय जयकार लाया है,
उठो भारत, आज उठो
तुम तक तिरंगा आया है,
श्याम-श्वेत जैसा भी हो
जय जयकार लाया है।
उठो गंगा, आज उठो
तुम तक मानव आया है,
श्याम-श्वेत जैसा भी हो
जय जयकार लाया है।
उठो जनता, आज उठो
तुम्हारी भाषा आयी है,
श्याम-श्वेत जैसी भी हो
जय जयकार लायी है।
उठो आत्मा, आज उठो
तुम तक सत्य आया है,
श्याम-श्वेत जैसा भी हो
जय जयकार लाया है।
**महेश रौतेला